
श्रवण साहू, कुरूद. आज नगर पंचायत कुरूद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का प्रथम सम्मिलन कुछ घंटों बाद शुरू होगा। जिसमें उपाध्यक्ष का चुनाव भी होना है। किसके सिर सजेगा उपाध्यक्ष का ताज? इसको लेकर सबकी निगाहें टिकी हुई है। 9 पार्षदो के साथ जीतकर आए कांग्रेसी खेमे से ही उपाध्यक्ष बनने की संभावना ज्यादा है।
पीठासीन अधिकारी व एसडीएम नभसिंह कोसले निर्वाचन की प्रक्रिया संम्पन्न कराएंगे। सुबह 10 बजे आहूत सम्मेलन में उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। 10 बजे से उपाध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा, फिर उसकी समीक्षा, पश्चात अगर दो अभ्यर्थी होने पर मतदान, फिर मतगणना की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह दोपहर ढाई बजे तक सम्पन्न किए जाएंगे। एक नाम होने पर निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया होगी।
कांग्रेस से देवव्रत व डुमेश हो सकते हैं उपाध्यक्ष प्रत्याशी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के पर्यवेक्षक सुखचंद बेंतरा वन टू वन चर्चा कर पार्षदों से फीडबैक लेकर चले गए हैं। अगले कुछ घंटों में उपाध्यक्ष प्रत्याशी का एलान कर दिया जाएगा। कांग्रेसी पार्षदों का कल बैठकों का दौर चला खींचतान के चलते जिसमें किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में अब पार्टी जिसका नाम फाइनल करेगी उसे समर्थन दिया जाएगा।उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड 13 के पार्षद देवव्रत साहू एवं वार्ड 2 के पार्षद डुमेश साहू में से कोई एक नाम पर मुहर लग सकती है। वैसे इस रेस में और कई नाम शामिल हैं जिसमें पार्षद मनीष साहू,मंजू प्रमोद साहू,उत्तम साहू शामिल है। पार्टी इन नामों पर भी विचार कर रहीं है।
भाजपा भी उतारेगी अपना प्रत्याशी
वहीं भाजपा के 6 पार्षद ही चुनाव जीते हैं जिसके पास बहुमत का अभाव है। बावजूद उपाध्यक्ष बनाने साम, दाम दंड भेद नीति से यदि भाजपा भी उपाध्यक्ष बनाने में सफलता हासिल कर लेती है तो इसे नकारा नहीं जा सकता। यहां अध्यक्ष महिला होने के कारण इस पद के लिए पुरुष सदस्यों को ही वे अपना उम्मीदवार बना सकते हैं जिसमें महेंद्र गायकवाड़, मिथिलेश बैस, सितेश सिन्हा, रवि मानिकपुरी में से कोई भी एक नाम हो सकता है।









