
साइबर अपराधों के खिलाफ ऑपरेशन जागृति 4.0 का टूंडला में आयोजन
देश में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आमजन, विशेषकर युवाओं को सतर्क करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार “ऑपरेशन जागृति 4.0” अभियान का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का नेतृत्व आगरा एडीजी के निर्देशन में फिरोजाबाद के एसएसपी सौरभ दीक्षित द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन टूंडला स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद और क्षेत्राधिकारी विनीत कुमार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की पहचान, उनके तरीके और उनसे बचने के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “साइबर अपराधों को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति ऐसे अपराध का शिकार होता है, तो उसे तुरंत परिवार या पुलिस से संपर्क करना चाहिए। अपराधों को छुपाना अपराधियों को बढ़ावा देता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं और युवतियों को जागरूक होकर एक-दूसरे को सतर्क करना चाहिए, जिससे समाज में ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इस अवसर पर एफएच मेडिकल कॉलेज के डॉ. रिहान सहित कई अधिकारीगण एवं कॉलेज स्टाफ भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने गंभीरता से सुना और साइबर सुरक्षा को लेकर कई प्रश्न भी पूछे।














