
कानपुर। युद्ध से पहले के पूर्वाभ्यास में 13 स्थानों पर जिंदगी बचाने के गुरसिखाने के बाद अब सिविल डिफेंस का चक्रव्यूह दुश्मन को चकमा देगा, जबकि अपनों को सुरक्षा की ढाल मिलेगी। नई रणनीति पर काम करके 50 लाख आबादी के लिए प्रत्येक सेक्टर व पोस्ट वार्डन के माध्यम से सक्रियता, जागरूकता के रोडमैप पर आगे बढ़ेंगे। इनके सुझाव मानकर हम भी सुरक्षित रह सकेंगे।
पहले दिन के पूर्वाभ्यास की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है, जिसमें लोगों के अंदर देश के प्रति समर्पण भाव, मन से पूर्वाभ्यास व ब्लैक आउट में सक्रियता की बात कही गई है।खाली पोस्ट व सेक्टर पर नए वार्डन नियुक्त करके ताकत बढ़ाएंगे। उप नियंत्रक समेत पुराने व अनुभवी लोगों को इसमें लगाया गया है। कुछ जगह सायरन न बजने, लाइटें नहीं बंद होने की कमियां दो से तीन दिन में दूर कर ली जाएंगी।






