100 विधायक वाले बयान पर पंकज चौधरी का पलटवार: कहा—सपा हताश, बीजेपी में सब कुछ ठीक है
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 100 विधायक वाले बयान पर सोमवार को तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह बयान विपक्ष की हताशा और निराशा को दर्शाता है और स्पष्ट करता है कि सपा अब खुद के दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।
गोरखपुर में अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंकज चौधरी ने कहा, “सरकार और संगठन सब कुछ ठीक चल रहा है। कोई मतभेद नहीं है, अगर कहीं कोई बात आती है तो उसे ठीक कर लेंगे। अब सब लोग खुद देखिए कि ये अखिलेश यादव जी का बयान आया है, वह कहीं न कहीं हताश हो गए हैं।”
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनावी रणनीति पर भी बात की। पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी के भीतर सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं और पार्टी विपक्ष के बयान से विचलित नहीं होगी।
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब सपा और कांग्रेस जैसी विपक्षी पार्टियों के नेता सक्रिय होकर बीजेपी पर आरोप लगा रहे हैं। पंकज चौधरी का कहना है कि बीजेपी संगठन और शासन दोनों में मजबूत स्थिति में है और विपक्षी बयान केवल उनकी हताशा का संकेत है।