


गाजीपुर, 11 मई – जिले के अति पिछड़े ग्रामीण क्षेत्र चौकड़ी, चौरा स्थित बहन मायावती पीजी कॉलेज को शासन एवं विश्वविद्यालय से एमएससी पाठ्यक्रम की मान्यता प्राप्त हो गई है। अब इस सत्र से विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी में छात्रों का प्रवेश प्रारंभ होगा। इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में अत्यंत उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, एमएससी में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और गणित जैसे विषयों में शिक्षा प्रदान की जाएगी। यह मान्यता ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी, जिन्हें अब उच्च शिक्षा हेतु अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि महाविद्यालय में पूर्व से ही बीएड, डीएलएड (बीटीसी), डी फार्मा, बीए, एमए एवं बीएससी पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके साथ ही विधि संकाय (एलएलबी त्रिवर्षीय) पाठ्यक्रम भी प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विशेष सुविधा प्रदान की जाती है और महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व अनुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि इस कॉलेज की स्थापना का शिलान्यास 11 जुलाई 2003 को तत्कालीन मुख्यमंत्री सुश्री मायावती द्वारा किया गया था, और मुख्यमंत्री विशेषाधिकार से इसे स्नातक स्तर की मान्यता प्राप्त हुई थी।
(रिपोर्टर–वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर)


