A2Z सभी खबर सभी जिले की

गन्ने के खेत में सिंचाई कर रहे किसान को बाघ ने बनाया निवाला, फैली दहशत

पीलीभीत। गन्ने की फसल में पानी लगा रहे किसान को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। घटना स्थल से काफी दूर अधखाया शव मिलने से सनसनी फैल गई। देर रात घटना की जानकारी लगने के बाद काफी संख्या में लोग पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद आधी रात पुलिस व हरिपुर रेंजर टीम के साथ पहुंच गए। ग्रामीणों के विरोध के बाद बमुश्किल शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। सूचना देने के बावजूद खुटार रेंज के वनकर्मी नहीं पहुंचे। घटना को लेकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पीटीआर और खुटार रेंट की सीमा खुली होने से वन्य जीव खेतों और गांव के नजदीक घूमते देखे जा रहे हैं। पूरनपुर तहसील क्षेत्र की गांव नजीरगंज जंगल से सटा हुआ है। यहां जंगल का एरिया हरीपुर रेंज और आबादी का इलाका खुटार रेंज के अंतर्गत आता है। गांव के रहने वाले हंसराज (50 वर्ष) पुत्र छोटेलाल मंगलवार शाम गन्ने की फसल में पानी लगाने गए थे। रात बाघ ने उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। परिजनों के पहुंचने के बाद खेत पर हंसराज के न मिलने पर खोजबीन की गई। जानकारी लगने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण उनकी तलाश में जुट गए लगभग आधा किलोमीटर दूर तिरुमल के खेत में ग्रामीण का अधखाया शव देखा गया। कमर के नीचे का हिस्सा बाघ खा गया। मामले की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। जानकारी पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस और हरिपुर रेंजर शाहिर अहमद टीम के साथ पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। बमुश्किल आधी रात पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
घटनास्थल खुटार रेंज की बताई जा रही है। जानकारी लगने के बावजूद वहां का कोई भी जिम्मेदार अफसर और कर्मचारी नहीं पहुंचा। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी में देखी जा रही थी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हरिपुर रेंजर शाहिर अहमद ने बताया कि सिंचाई करने गए किसान पर बाघ ने हमला कर मार दिया है। घटना खुटार रेंज की है।

Back to top button
error: Content is protected !!