दरभंगा परिक्षेत्र की सिंचाई योजनाओं की गहन समीक्षा, मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कसी कमर
दरभंगा। जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में दरभंगा परिक्षेत्र की सिंचाई योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। खरीफ सिंचाई 2025 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए हुई इस बैठक में परिक्षेत्र के 7 नहर संपोषण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि कुल 7 योजनाओं में से 5 पर काम शुरू हो चुका है, जबकि शेष की पुनर्निविदा प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इन योजनाओं की कुल लागत ₹1.45 करोड़ से अधिक है और ये कार्य सात प्रमंडलों में संचालित हो रहे हैं। यांत्रिक प्रमंडल ने नहर गेटों का संयुक्त निरीक्षण भी कर लिया है।
मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य समय पर पूर्ण हों और लापरवाही करने वाली एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल ने जियोटैगिंग फोटोग्राफ के जरिए योजनाओं की प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग का भी निर्देश दिया। बैठक में जल संसाधन विभाग के उच्च अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
इस समीक्षा से दरभंगा क्षेत्र की सिंचाई योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की उम्मीद बढ़ गई है।




