
📰 हरिद्वार में कांवड़ियों और पुलिस में टकराव – सड़क जाम करने पर लाठीचार्ज, कई घायल
हरिद्वार | वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा 2025 के दौरान हरिद्वार में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब कांवड़ यात्रियों और पुलिस के बीच तीखा टकराव हो गया। घटना दिल्ली–देहरादून मार्ग से जुड़ी है, जहां कुछ कांवड़िए निर्धारित रूट के बजाय सीधा दिल्ली-देहरादून मार्ग से जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक डायवर्जन के तहत उन्हें वैकल्पिक मार्ग से भेजने की कोशिश की।
कांवड़ियों ने इसका विरोध करते हुए गंगाजल से भरे कांवड़ को सड़क पर रख दिया और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर लंबा जाम लग गया और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस ने जब जाम हटाने की अपील की, तो कांवड़िए नहीं माने, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कांवड़ियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कई कांवड़ियों को चोटें भी आईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस जवान लाठी लेकर कांवड़ियों को दौड़ाकर पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ श्रद्धालु हाथ जोड़कर पुलिस से रहम की अपील करते भी दिखाई दिए।
पुलिस का कहना है कि कुछ अराजक तत्वों ने नियमों का उल्लंघन कर जबरन रूट बदलने की कोशिश की, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई और मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल हालात काबू में हैं और किसी भी बड़े हादसे से बचाव हो गया।
हरिद्वार प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग से ही यात्रा करें और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो।
✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
उत्तर प्रदेश महासचिव – भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 संपर्क: 8217554083







