
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ 🌐
मंडला MP हेमंत नायक महाराजपुर
#म.प्र. जन अभियान परिषद् के राज्य सलाहकार ने की समीक्षा बैठक एवं हाईटेक नर्सरी का अवलोकन
मंडला। म.प्र. जन अभियान परिषद् (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) के राज्य सलाहकार श्री शिवनारायण पटेल ने जिले के विकासखंड मंडला में परिषद के कार्यों की समीक्षा हेतु जिला पंचायत मंडला कार्यालय में बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में विकासखंड की नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं के साथ जन अभियान परिषद् के विभिन्न गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
राज्य सलाहकार श्री पटेल ने नवांकुर सखी कार्यक्रम, आदर्श ग्राम योजना, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्य, पौधों की रुपाणी तथा नर्सरियों के समुचित प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा करते हुए कार्यों को और प्रभावशाली ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर जनसहभागिता से विकास की अवधारणाओं को मूर्त रूप देने के लिए नवांकुर संस्थाएं एवं प्रस्फुटन समितियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जिन्हें और अधिक सशक्त बनाना आवश्यक है।
इसी क्रम में श्री पटेल ने नगर विकास प्रस्फुटन समिति दादा धनीराम वार्ड द्वारा संचालित ‘मेकल सुता हाईटेक नर्सरी’ का अवलोकन भी किया। उन्होंने नर्सरी में लगाए गए 15,000 से अधिक पौधों की संख्या एवं उनकी देखरेख की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने नर्सरी की कार्यप्रणाली को अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री राजेन्द्र चौधरी, विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया, सामाजिक कार्यकर्ता श्री मनहरण पटेल, विपन दुबे, नरेश कुमार गोल्हानी, परामर्शदाता आशीष नामदेव, दीपा श्रीवास, रागिनी हरदहा, संतोष कुमार रजक, शुभम कोरी एवं हर्षिनी विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्री पटेल ने सभी उपस्थित सदस्यों से आग्रह किया कि जन अभियान परिषद् की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं ताकि शासन की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो सकें।


