A2Z सभी खबर सभी जिले की

जमानिया: सड़क किनारे झाड़ियों में मिला कबाड़ व्यवसायी का शव, परिवार में मचा कोहराम

📰 वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट
जमानिया। गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के पास नगसर मार्ग पर शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक कबाड़ व्यवसायी का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान त्रिलोकपुर गांव निवासी 60 वर्षीय चंद्रसेन गुप्ता के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, चंद्रसेन गुप्ता शुक्रवार दोपहर को अपनी साइकिल से कबाड़ खरीदने निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह उतरौली गांव के कुछ लोगों ने नगसर मार्ग किनारे झाड़ियों में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाई। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रेखा देवी और वृद्ध मां रामप्यारी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिजनों को ढाढ़स बंधाते नजर आए।

पत्नी रेखा देवी ने बताया कि चंद्रसेन रोज की तरह घर से कबाड़ खरीदने निकले थे। वह दो बेटों शिवम और सत्यम की पढ़ाई के लिए मेहनत करते थे। घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।

थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

[yop_poll id="10"]
Show More

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live Tv News Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!