
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट, गाजीपुर
गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड जमानियां में गुरुवार को विद्युत विभाग ने मेगा डिस्कनेक्शन और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तीन उपखंडों—जमानियां, रेवतीपुर और दिलदारनगर—में बड़ी कार्रवाई की गई।

उमरगंज में कार्रवाई
विद्युत वितरण उपखंड जमानियां के ग्राम उमरगंज में 15 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। चेकिंग में 7 उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत चोरी पकड़ी गई, जबकि 5 उपभोक्ताओं की भार वृद्धि की गई। यहां से ₹8.15 लाख का राजस्व वसूला गया।
बवाडा में कार्रवाई
रेवतीपुर उपखंड के ग्राम बवाडा में 20 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। चेकिंग में 7 उपभोक्ताओं पर विद्युत चोरी का मामला दर्ज हुआ और 3 उपभोक्ताओं की भार वृद्धि की गई। इस उपखंड से ₹4.90 लाख की वसूली की गई।
मनिया में कार्रवाई
दिलदारनगर उपखंड के ग्राम मनिया में 24 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। यहां 10 उपभोक्ताओं पर चोरी का मामला पाया गया और 8 उपभोक्ताओं की भार वृद्धि की गई। कुल ₹6.5 लाख का राजस्व वसूला गया।
कुल कार्रवाई
अधिशासी अभियंता गोपीचंद भास्कर ने बताया कि तीनों उपखंडों में कुल 59 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए, 24 विद्युत चोरी के मामलों में धारा 135/138 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी। कुल 16 उपभोक्ताओं की भार वृद्धि हुई और ₹19.55 लाख की राजस्व वसूली हुई।
चेकिंग अभियान की जानकारी मिलते ही कई उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिल ऑनलाइन जमा करना शुरू कर दिया। वहीं, चेकिंग टीम को देखते ही कई घरों में ताले लगाकर लोग गायब हो गए।







