
बिलाईगढ़ अनुविभाग मुख्यालय इन दिनों चोरों का अड्डा बना हुआ है। नगर व आसपास के क्षेत्र में चोरों का गिरोह सक्रिय है। क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की नाकामी से लोग अपने ही घर में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं मिली जानकारी के अनुसार बिलाईगढ़ एवं आसपास में इन दिनों चोर गिरोह सक्रिय है जो आए दिन नए-नए चोरी की घटना को अंजाम दे रहें हैं। बिलाईगढ़ नगर की मुख्य शुक्रवारी बाजार से मोटरसायकल, सायकल व मोबाइल का चोरी होना आम बात हो गया है। यही नहीं चोरों का हौसला इतना बुलंद है कि सरकारी कार्यालयों को भी नहीं छोड़ा, नगर पंचायत बिलाईगढ़ के पानी टंकी से पूरा का पूरा केबल वायर अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर लिया गया था।पूर्व में भी नगर पंचायत की मणिकंचन केंद्र एवं कंपोस्ट शेड से बोर मशीन को अज्ञात चोर के द्वारा चोरी कर लिया गया था। विगत रात्रि वार्ड क्रमांक 15 निवासी अजय आदित्य के घर पीछे बाड़ी में लगे टुल्लू पंप को चोर उठा ले गए, ऐसे ही नगर एवं आसपास के क्षेत्र में चोर गिरोह सक्रिय है ,वहीं अब तक जितनी भी चोरी की घटनाएं घटित हुई है, उसमें पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता स्पष्ट उजागर होती है। उनके द्वारा तमाम चोरी की घटनाओं में महज खाना पूर्ति ही की गई है। चोरी पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम ही रहे हैं। ज्ञात हो कि नगर व आसपास में चोरी की कई घटनाएं घटित होने के बाद भी पुलिस प्रशासन सुस्त रही है यही कारण है कि नगर एवं आसपास के क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासी अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्रवासियों द्वारा पुलिस की गश्ती बढ़ाने एवं ठोस कार्रवाई करने की मांग शासन प्रशासन से की है।






