Sonbhdara news:विंढमगंज में लौह पुरुष की जयंती पर पुलिस ने दिखाई एकता की मिसाल — थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह की अगुवाई में निकली “रन फॉर यूनिटी”
विंढमगंज में लौह पुरुष की जयंती पर पुलिस ने दिखाई एकता की मिसाल — थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह की अगुवाई में निकली “रन फॉर यूनिटी”
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शुक्रवार की सुबह विंढमगंज थाना परिसर में उत्साहपूर्वक मनाई गई। शासनादेश के अनुपालन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने “रन फॉर यूनिटी” के तहत एकता दौड़ आयोजित की।
थाने से शुरू हुई यह दौड़ रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग, सुभाष तिराहा, हलवाई चौक, मुडिसेमर तिराहा होते हुए काली मंदिर तक निकाली गई। दौड़ के दौरान पुलिस कर्मियों ने “एक भारत–श्रेष्ठ भारत”, “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे नारे लगाते हुए जनमानस को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल न केवल स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री थे, बल्कि वे सच्चे अर्थों में देश के लौह पुरुष थे। उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव रखी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी को देश की एकता और शांति बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने देश की अखंडता, समरसता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ ली।
इस मौके पर थाना परिसर देशभक्ति नारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण एकता के रंग में रंग गया।






