
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के पास एक मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन के निकट हुआ। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 35 वर्षीय रिषी कुमार के रूप में हुई है। वह लंबे समय से नौगढ़ में एक होटल में काम करता था। ऋषि किसी काम से रेलवे ट्रैक के पास गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तभी अचानक गुजररही ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके दोनों पैर कट गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने जीआरपी को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से आकस्मिक टकराव का प्रतीत होता है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ऋषि ट्रैक के इतने करीब क्यों गया और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ। इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्टेशन क्षेत्र में अक्सर लोग पटरियों के आसपास आवाजाही करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद लोग जल्दबाजी में पटरियों के बेहद पास से गुजरते हैं। लोगों ने रेलवे विभाग से ट्रैक किनारे सुरक्षा बढ़ाने और चेतावनी संकेतों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दुख का माहौल है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

