।। ओवर स्पीड तथा अनियंत्रित रूप से चल रहे डम्फरों पर क्यों नहीं कार्यवाही कर रहा है आरटीओ तथा पुलिस।।
अजीत मिश्रा (खोजी)
।।गन्ना ट्रकों और डम्फरों क्यों मेहरबान है परिवहन विभाग और पुलिस।।
04 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
बस्ती ।। ओवरलोड तथा मानक से ज्यादा चौड़ाई में गन्ना लेकर ओवर स्पीड चल रहे हैं गन्ना लदे ट्रक। ओवर स्पीड तथा अनियंत्रित रूप से चल रहे डम्फरों पर क्यों नहीं कार्यवाही कर रहा है आरटीओ तथा पुलिस। अभी तक दुर्घटनाओं से यह पता चल रहा है कि अधिकांश डंफर चालक नशे में चलाते हैं गाड़ी। ओवरलोड गन्ना ट्रालों की वजह से बाजार एवं कस्बों में लग जाता है जाम… तथा टूटते हैं बिजली के तार। दो पहिया वाहनों तथा प्राइवेट कारों का चालान कर अपनी पीठ थपथपा रही पुलिस क्यों नहीं करती इन ट्रकों, ट्रालों और डम्फरों का चालान। गन्ना लदे ट्रालों और डम्फरों के लिए रोड पर चलने के लिए क्या अलग है मानक। कब करेंगे इन पर कार्यवाही आरटीओ विभाग के आला अधिकारी।
यूपी के बस्ती जिले में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
बस्ती।। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया ओवरब्रिज के पास ओवर लोड गन्ने से लदा ट्रक ई-रिक्शा पर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि इन दिनों गन्ने का सीजन चल रहा है। ट्रक और ट्राली पर क्षमता से दो गुना ज्यादा तक गन्ना लादा जा रहा है, जिसकी वजह से आए दिन एक्सीडेंट के मामले सामने आ रहे हैं।
बता दें कि अम्बेडकरनगर के रहने वाले भगवानदीन और उनकी पत्नी सोना देवी अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी में बस्ती आए थे। कार्यक्रम के बाद ई-रिक्शा से अम्बेडकरनगर जा रहे थे। उसी दौरान फुटहिया ओवरब्रिज के पास ओवर लोड गन्ने से लदा ट्रक आ गया। क्षमता से ज्यादा गन्ना लदा होने की वजह से ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया।
ई-रिक्शा में सवार 4 लोग ट्रक के नीचे दब गए, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जेसीबी को बुला कर ट्रक को सीधा किया गया। ट्रक के नीचे फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया। ट्रक के नीचे दबने की वजह से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ संजय सिंह ने बताया कि ट्रक पलटने की वजह से ई-रिक्शा पर सवार दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों का चालान करने वाली बस्ती पुलिस को कब दिखेगा इन गन्ना ट्रालों एवं डम्फरों की मनमानी। यातायात सुरक्षा माह संपन्न होने के बाद क्या सो गई बस्ती की पुलिस।















