
5/12/2025

जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025 : इनोवेशन ट्रैक के तहत विज्ञान मेले का किया गया आयोजन
जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025 के इनोवेशन ट्रैक के अंतर्गत आज राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जैतपुर कैमूर में विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों एवं युवाओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मकता से परिपूर्ण अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
विज्ञान मेले का उद्घाटन संयुक्त रूप से सुधीर वाई कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, कैमूर,सुमन सौरभ, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी,हेमलता कुमारी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र,घनानंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी,संदीप कुमार, संयोजक, विज्ञान मेला द्वारा किया गया।
प्रधानाचार्य सुधीर वाई कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार वैश्विक विकास की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों में शोध प्रवृत्ति और नवीन सोच को बढ़ावा मिलता है।
महाप्रबंधक हेमलता कुमारी ने प्रतिभागियों के मॉडलों को वर्तमान चुनौतियों से जुड़े व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान बताते हुए उनकी सराहना की।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुमन सौरभ ने कहा कि विज्ञान मेले में भौतिकी, रसायन, अभियंत्रण, पर्यावरण विज्ञान, रोबोटिक्स, इंटरनेट, ए.आई., संरचनात्मक डिजाइन आदि क्षेत्रों पर आधारित उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए गए। कैमूर जिले के युवाओं की प्रतिभा व नवोन्मेषण क्षमता प्रशंसनीय है।
विज्ञान मेले में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से पहुँची टीमों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विज्ञान मेला संयोजक संदीप कुमार ने जिला प्रशासन तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम कल, 5 दिसंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।
जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत कल 5 दिसंबर 2025 को लिच्छवी भवन, भभुआ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समूह लोकगीत,समूह लोकनृत्य,भाषण,कहानी लेखन,कविता लेखन,चित्रकला
आदि विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।
इनमें जिले के 300 से अधिक प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सभी विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मधुबनी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025 में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)







