उत्तर प्रदेशबस्तीराम मंदिर अयोध्या

।। अयोध्या में अवैध पैथोलॉजी लैब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई।।

।। इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा।।

अजीत मिश्रा (खोजी)

।। अयोध्या में अवैध पैथोलॉजी लैब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई: कई केंद्र सील, गलत रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त ।।

05 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।

अयोध्या में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवैध और अनाधिकृत रूप से संचालित पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में एक चर्चित लैब में गलत रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की थी, जिसके बाद कार्रवाई और तेज हो गई है।

इसी कड़ी में मंगलवार शाम डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव (नोडल नैदानिक स्थापना), डॉ. राजेश चौधरी (नोडल झोलाछाप) और ए.आर.ओ. सद्दाम की तीन सदस्यीय टीम ने देवकली और दर्शन नगर क्षेत्र में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिग बाजार के पास स्थित राज पैथ लैब को अनाधिकृत और बिना वैध अभिलेख संचालित पाए जाने पर तुरंत सील कर दिया गया।

इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 1 दिसंबर 2023 को रुदौली क्षेत्र में डॉ. राजेश चौधरी, डीपीएम राम प्रकाश पटेल और एआरओ सद्दाम की टीम ने तीन लैबों पर कार्रवाई की थी। इनमें—

👉 जय मां डायग्नोस्टिक सेंटर एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर,

👉 डायनो ऐसे कलेक्शन सेंटर,

👉  सूजागंज स्थित पब्लिक पैथ लैब

को अनाधिकृत रूप से संचालित पाए जाने पर सील किया गया।इसके अलावा 29 नवंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान के निर्देशन में, डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में टीम ने आरडीएएस मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर के आसपास अवैध लैबों पर बड़ी कार्रवाई की।

⭐ सील किए गए पैथोलॉजी —

👉 मां डायग्नोस्टिक सेंटर,

👉 ग्लोबल पैथोलॉजी,

👉 ओम मेडिकल स्टोर एवं पैथोलॉजी,

👉  स्कंद पैथोलॉजी

इन सभी लैब/डायग्नोस्टिक सेंटरों पर निरीक्षण के दौरान न तो कोई डॉक्टर मिला, न ही प्रशिक्षित लैब तकनीशियन मौजूद थे। संचालक वैध पंजीकरण और दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि सील की गई लैबों में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

💫 तारुन में अवैध पैथोलॉजी लैबों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो लैब सील, एक फर्जी लैब का बोर्ड हटवाया गया।

तारुन क्षेत्र में रविवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान जनता पैथोलॉजी और जानकी पैथोलॉजी को गंभीर अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि दोनों लैब संचालकों के पास न वैध दस्तावेज थे और न ही किसी प्रकार का पंजीकरण प्रमाण-पत्र उपलब्ध था, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें सीधे नियम विरुद्ध घोषित कर कार्रवाई की।

यह अभियान झोलाछाप नोडल अधिकारी डॉ. राजेश चौधरी के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने आगे बढ़ते हुए जानाबाजार स्थित देवांश पैथोलॉजी का भी निरीक्षण किया। आश्चर्यजनक रूप से वहां केवल एक बड़ा सा बोर्ड लगा मिला, जबकि लैब का अस्तित्व ही नहीं था—न कोई उपकरण, न स्टाफ और न ही किसी जांच की व्यवस्था। इसे पूरी तरह फर्जी मानते हुए विभाग ने भवन मालिक को बोर्ड तुरंत हटाने का निर्देश दिया और दुकान का शटर बंद करवा दिया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर केवल बोर्ड लगाकर मरीजों को भ्रमित किया जा रहा है। ऐसी फर्जी लैबों से गलत रिपोर्ट जारी होने का गंभीर जोखिम रहता है, जो मरीजों की जान के लिए खतरा साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि ऐसी अवैध एवं धोखाधड़ी वाली पैथोलॉजी पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अभियान के दौरान डीपीएम राम प्रकाश पटेल, लिपिक शशिकांत सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार किए जाते रहेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!