

सागर , कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने संभाग के सभी जिलों में अमानक खाद, बीज एवं कीटनाशक बेचने वाली फर्मों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल विक्रय प्रतिबंध तक सीमित न रहकर अमानक सामग्री बेचने वाली फर्मों के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएं।
कमिश्नर ने यह निर्देश कृषि विभाग, मंडी बोर्ड, सहकारिता विभाग एवं अपेक्स बैंक की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में किसानों को उच्च गुणवत्ता के खाद, बीज और कीटनाशक सहज रूप से उपलब्ध हों, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है।
नरवाई जलाने पर सख्ती के निर्देश
बैठक में नरवाई जलाने के मामलों की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने पन्ना जिले में अपेक्षित कार्यवाही न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दूरभाष पर पन्ना कलेक्टर से चर्चा कर निर्देश दिए कि कार्यवाही में कमी के कारणों की समीक्षा कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं।
भावांतर भुगतान सतत जारी
भावांतर भुगतान योजना की समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक कृषि उपज मंडी सागर ने बताया कि किसानों को योजना के अंतर्गत भुगतान निरंतर किया जा रहा है।
कृषि यंत्रीकरण में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत सुपर सीडर एवं हैप्पी सीडर की बिक्री की समीक्षा में पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में लक्ष्य के अनुरूप कार्य न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कमिश्नर ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
निवाड़ी और टीकमगढ़ में खुलेंगे जन औषधि केंद्र
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सागर संभाग के अन्य जिलों की तरह निवाड़ी एवं टीकमगढ़ जिलों में भी शीघ्र जन औषधि केंद्र प्रारंभ किए जाएं।
बैठक में कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मंडी बोर्ड एवं अपेक्स बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।










