

निवाड़ी , सुशासन सप्ताह (19 से 25 दिसंबर 2025) के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लोकसेवा प्रबंधन विभाग, पर्यटन विभाग एवं जल निगम द्वारा किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
लोकसेवा प्रबंधन विभाग की उपलब्धियां
जिला प्रबंधक लोकसेवा प्रबंधन विभाग नितेश जैन ने बताया कि जिले में लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से 400 से अधिक सेवाएं आमजन को प्रदान की जा रही हैं। पिछले दो वर्षों में लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से कुल 88,128 हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ दिया गया।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत बीते दो वर्षों में 84,495 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया है।
पर्यटन विभाग की उपलब्धियां
पर्यटन विभाग की ओर से प्रिंस शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण पर्यटन अंतर्गत होमस्टे योजना के तहत निवाड़ी जिले के ग्राम लाड़पुरा खास, राधापुर एवं बागान में कुल 18 होमस्टे संचालित हो रहे हैं। अब तक इन होमस्टे में 3,275 पर्यटक भ्रमण कर चुके हैं।
इस योजना से स्थानीय नागरिकों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड भोपाल द्वारा सर्वश्रेष्ठ ग्राम स्टे का प्रथम पुरस्कार ग्राम लाड़पुरा खास एवं द्वितीय पुरस्कार ग्राम राधापुर को प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु 18 जून 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा निवाड़ी जिले को सम्मानित किया गया।
जल निगम की उपलब्धियां
जल निगम की ओर से राजेश चौधरी ने बताया कि हर घर जल योजना के अंतर्गत जिले में घरेलू नल कनेक्शन प्रदान कर स्वच्छ पेयजल की सुलभता सुनिश्चित की गई है।
पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार से दूरस्थ गांवों तक जल आपूर्ति पहुंचाई गई है। जल शुद्धिकरण एवं भंडारण संरचनाओं के निर्माण से जल की गुणवत्ता और निरंतरता में सुधार हुआ है।
इस योजना से महिलाओं का श्रम कम हुआ है, स्वास्थ्य स्तर बेहतर हुआ है तथा जिले में जनजीवन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बना है।
कलेक्टर के निर्देश
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने विभागीय उपलब्धियों पर अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे जिले को प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण किया जाए तथा अधिकारी आमजन से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री मनीषा जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












