बिहारदरभंगा

स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की हुई मासिक विस्तृत समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

दरभंगा में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा की, आयुष्मान कार्ड, ओपीडी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार के निर्देश दिए।

दरभंगा, 23 दिसंबर 2025।
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों, सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं जरूरतमंद सभी मरीजों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य प्रबंधकों से जिलाधिकारी ने विस्तृत समीक्षा करते हुए मरीजों को उत्कृष्ट सेवाएं देने पर विशेष जोर दिया।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अगले सात दिनों में 60 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में जिले में 6 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। पीडीएस डीलर-वार डाटा तैयार कर अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड गरीब परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके माध्यम से प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलती है।

जिलाधिकारी ने ओपीडी में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी मशीनों को कार्यरत रखने तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मनीगाछी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गहन निरीक्षण के लिए सिविल सर्जन और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देशित किया गया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी श्री अमरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक श्री प्रभात कुमार राजू सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

[yop_poll id="10"]
Show More

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!