
दरभंगा। दरभंगा जिला के पिण्डारूच पंचायत में राजस्व एवं भूमिसुधार विभाग, पटना के निर्देशानुसार विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अंचल अधिकारी, केवटी की देख-रेख में संपन्न हुआ, जिसमें लगान अद्यतन, कृषक निबंधन तथा अन्य राजस्व से जुड़े कार्यों का निष्पादन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, सर्दी के मौसम में प्रत्येक पंचायत में इस प्रकार के विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए प्रखंड या जिला कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। शिविर के माध्यम से किसानों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
किसानों ने शिविर व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें सुविधाजनक ढंग से अपने दस्तावेज अद्यतन कराने और निबंधन से संबंधित कार्य पूरे कराने में काफी सहूलियत मिल रही है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।




















