
हरनाकछार में दर्दनाक घटना: 32 वर्षीय विवाहिता ने पेड़ से फांसी लगाकर दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए उठा मां का साया
विण्ढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव अंतर्गत चर्क पथली टोला में शुक्रवार सुबह एक अत्यंत मार्मिक और हृदयविदारक घटना सामने आई। 32 वर्षीय विवाहिता ने घर के समीप स्थित एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो गई।
मृतका की पहचान ललिता देवी पत्नी अमरीश पनीका के रूप में की गई है। सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। बताया गया कि घटना के समय घर पर केवल दो महिलाएं मौजूद थीं, जो आपस में सगी बहनें हैं, जबकि परिवार का कोई भी पुरुष सदस्य उस समय घर पर नहीं था।
ललिता देवी अपने पीछे तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का साया उठ जाने से बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों में गहरी चिंता व्याप्त है।
घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे ग्राम प्रधान को दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी मौके पर पहुंचे और तत्काल विंढमगंज पुलिस तथा प्रशासन को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, शव को पेड़ से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार ललिता देवी शांत, सरल और मिलनसार स्वभाव की महिला थीं। किसी प्रकार के पारिवारिक या सामाजिक विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। इस दुखद घटना के बाद चर्क पथली टोला सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।












