
पाली से खबर शंकरलाल फुलवारीया
एसआईआर के नाम पर वोट की चोट, कांग्रेस समर्थक मतदाताओं को बाहर करने की साजिश का आरोप
पाली। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महावीरसिंह सुकरलाई ने एसआईआर प्रक्रिया में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े मतदाताओं के नाम सुनियोजित तरीके से काटे जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जो पूरी तरह अनुचित और अलोकतांत्रिक है।
सुकरलाई ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर फॉर्म-7 में पहले से डेटा भरकर बीएलओ को सौंपा जा रहा है, जो सीधे तौर पर चुनावी निष्पक्षता पर हमला है। पाली शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही हैं कि एक ही व्यक्ति के नाम से 50 से 100 तक फॉर्म भरकर कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने इस संबंध में पाली व रोहट के उपखण्ड अधिकारियों से बातचीत कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने व हटाने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ से बिना किसी दबाव के पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करवाने पर जोर दिया। महावीरसिंह सुकरलाई ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के बीएलए से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची पर विशेष नजर रखें और किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों व पार्टी नेतृत्व को दें।











