
श्रीगंगानगर।(राकेश घिंटाला)जिले में सामाजिक सरोकारों और जनस्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में लोक गायक जोड़ी बलवीर एवं रणवीर (जोड़ा भाई) को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान’ के लिए जिले का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला एवं एसीएमएचओ डॉ. मुकेश मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि विजयनगर!तहसील के गांव मघे वाली ढाणी के निवासी बलवीर-रणवीर अपनी गायकी के जरिए क्षेत्र में खासे लोकप्रिय हैं। विभाग का मानना है कि उनकी कलात्मक शैली और स्थानीय जुड़ाव से इन महत्वपूर्ण अभियानों का प्रचार-प्रसार अधिक प्रभावशाली ढंग से हो सकेगा। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, जहां लोक संगीत संवाद का एक सशक्त माध्यम है, वहां बेटियों के सम्मान और युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचेगा।विभाग का लक्ष्य इन योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारना है। यही वजह है कि अधिकाधिक प्रचार प्रसार करने के लिए यह एक नवाचार किया गया है। इस मौके पर आशा प्रभारी रायसिंह सहारण, आईईसी प्रभारी विनोद बिश्नोई, पीसीपीएनडीटी प्रभारी रणदीप सिंह एवं डीपीएम विपुल गोयल शामिल हुए!
सीएमएचओ डॉ. सिंगला ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लिंगानुपात में सुधार लाना और बालिकाओं की शिक्षा व सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना।इसी तरह नई पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना और शिक्षण संस्थानों के आसपास नशा मुक्ति सुनिश्चित करना।





