
जयपुर 05 फरवरी।संविदा, निविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर युवा हुंकार बेरोजगार संविदा–निविदा कर्मचारी महासंघ एक बार फिर आंदोलन की राह पर है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मोनू चौधरी के नेतृत्व में 7 फरवरी को जयपुर स्थित शहीद स्मारक से विशाल हुंकार भरी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष मोनू चौधरी ने बताया कि 2 फरवरी से वे लगातार राजस्थान के लगभग 200 विधायकों एवं राज्य सरकार के सभी मंत्रियों से मुलाकात कर संविदा, निविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कार्मिक विभाग के अंतर्गत संविदा–निविदा–आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में संस्था गठन की घोषणा पूर्व भाजपा सरकार द्वारा बजट वर्ष 2025 में बजट घोषणा संख्या 197(5) के अंतर्गत की गई थी। वहीं कांग्रेस सरकार ने भी बजट घोषणा के पैरा 159 में इस विषय पर वादा किया था, लेकिन आज तक किसी भी सरकार ने इसे धरातल पर नहीं उतारा।
मोनू चौधरी ने आरोप लगाया कि हर सरकार ने इन कर्मचारियों के साथ केवल छल और वादाखिलाफी की है। कर्मचारियों को हर बार आश्वासन देकर उनके मुद्दों को टाल दिया जाता रहा है। मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों से चर्चा के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
इसी के विरोध में महासंघ द्वारा 7 फरवरी को शहीद स्मारक से जोरदार आंदोलन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा, निविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक कर्मचारियों को स्थायित्व, समान वेतन और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
— मोनू चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष
युवा हुंकार बेरोजगार संविदा–निविदा कर्मचारी महासंघ, राजस्थान




