A2Z सभी खबर सभी जिले की

इटवा में बोलेरो-ई-रिक्शा टक्कर, चालक की मौत

दो महिलाएं और बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी

सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे इटवा बढ़नी रोड पर एक सड़क हादसा हुआ। इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम घोपलापुर के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मृतक ई-रिक्शा चालक की पहचान गुरौवाजोत थाना क्षेत्र के कठेला समय माता निवासी दिलसाद पुत्र इसरार के रूपमें हुई है। दिलसाद अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो तेज गति में थी और चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा में सवार दो घायल महिलाओं की पहचान खानकोट निवासी सुशीला (40 वर्ष) और बलरामपुर जनपद के मधवानगर निवासी उर्मिला (35) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

हादसे में बोलेरो चालक जय प्रकाश (50) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद बोलेरो में सवार चार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया l

घटना की सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!