
जनपद में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सोमवार को सख्त अभियान चलाया। एंटी रोमियो स्क्वाड ने स्कूल-कॉलेज, कोचिंग सेंटर और बाजारों के आसपास संदिग्ध युवकों पर नजर रखते हुए व्यापक चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने केवल गश्त तक सीमित न रहते हुए स्थानीय महिलाओं और दुकानदारों से सीधे बातचीत कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया।

यह अभियान डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बेवा, बैदौला,राजकीय बालिका विद्यालय, चौक और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाया गया। पुलिस टीम ने स्कूलों की छुट्टी के समय और बाजारों में भीड़ बढ़ने के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को असहज करने वाले मनचलों को बख्शा नहीं जाएगा।

चेकिंग के दौरान महिला दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया गया कि क्या उन्हें किसी तरह की छेड़छाड़ या दबाव का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौके पर पुलिस को कोई गंभीर शिकायत नहीं मिली। टीम ने लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एंटी रोमियो स्क्वाड की इस सक्रियता से स्कूल-कॉलेज जाने
वाली छात्राओं और बाजार में काम करने वाली महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। कई दुकानदारों ने बताया कि पुलिस की नियमित निगरानी के कारण मनचलों की गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। इस अभियान में एंटी रोमियो स्क्वाड टीम में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, आरक्षी श्री प्रकाश और महिला आरक्षी नेहा सिंह शामिल थीं।




