A2Z सभी खबर सभी जिले की

यूपीएससी में जखनियां की बेटी प्रियंका चौधरी का कमाल, 79वीं रैंक हासिल कर गाजीपुर का नाम किया रोशन

IMG 20260311 113639

जखनियां/गाजीपुर:
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में जखनियां क्षेत्र की होनहार बेटी प्रियंका चौधरी ने 79वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र सहित पूरे गाजीपुर जिले का नाम रोशन कर दिया है। परिणाम घोषित होते ही जखनियां क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। प्रियंका की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
प्रियंका चौधरी मीरा राम की पुत्री हैं। उनका मूल निवास जखनियां तहसील के औरंगाबाद गांव में है, लेकिन पिछले लगभग 25 वर्षों से उनका परिवार जखनियां क्षेत्र के गोरा खास गांव में रह रहा है। उनके पिता एक प्राइवेट ड्राइवर हैं और लंबे समय तक एसडीएम जखनियां की गाड़ी भी चला चुके हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद प्रियंका ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सर्वोदय इंटर कॉलेज से हाईस्कूल तक प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई शहीद इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से बीएससी, एमएससी और बीएड की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह पीएचडी के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
लगातार परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर प्रियंका ने यूपीएससी परीक्षा में 79वीं रैंक हासिल कर सफलता का नया मुकाम स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग परिवार को बधाई दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि प्रियंका की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। परिजनों के अनुसार प्रियंका फिलहाल वाराणसी में हैं और जल्द ही घर लौटकर क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर सभी का आभार व्यक्त करेंगी।

[yop_poll id="10"]
Show More

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News District Head Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!