
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, खरगोन में स्नेह सम्मेलन: संस्कार, संस्कृति और शौर्य का अनुपम संगम
खरगोन, 22 फरवरी 2026।
संस्कार, संस्कृति और शौर्य की भावनाओं से सजा स्नेह सम्मेलन 2025-26 के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, खरगोन में गत दिवस बौद्धिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का अनूठा वातावरण देखने को मिला।
स्नेह सम्मेलन प्रभारी डॉ. वंदना बर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मानव के लिए वरदान या अभिशाप” जैसे समसामयिक विषय पर प्रतिभागियों ने प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। पक्ष में अनुष्का पालीवाल (एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर) प्रथम, संस्कृति गुप्ता (बी.ए. तृतीय वर्ष) द्वितीय एवं बुलबुल मीना (बी.ए. तृतीय वर्ष) तृतीय रहीं। विपक्ष में राधिका पटेल (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने प्रथम, अपूर्वा जायसवाल (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा रोशनी मुजाल्दे (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों की तार्किकता और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।
प्रश्न मंच प्रतियोगिता में हाशिम शेख (एम.ए. प्रथम वर्ष) ने प्रथम, रोशनी मुजाल्दे ने द्वितीय तथा राहुल रायपुरिया (बी.एससी. तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में अनुष्का पालीवाल ने पुनः अपनी वक्तृत्व क्षमता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, बुलबुल मीणा द्वितीय और हाशिम शेख तृतीय रहे।
रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भारतीय संस्कृति की झलक विशेष रूप से दिखाई दी। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वीर शहीद टंट्या मामा, होलिका दहन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर मनोहारी चित्र उकेरे। नम्रता गोस्वामी (बी.एससी. प्रथम वर्ष) प्रथम, दिव्या पिपलदे (बी.एससी. तृतीय वर्ष) एवं ज्योशी यादव (एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर) संयुक्त द्वितीय तथा आंचल सोलंकी (एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर) तृतीय रहीं।
मेहंदी प्रतियोगिता में मुस्कान कर्मा (बी.कॉम द्वितीय वर्ष) प्रथम, भूमिका चावला एवं वंशिका कानूनगो (बी.ए. प्रथम वर्ष) द्वितीय तथा राधेश्री महाजन (बी.ए. द्वितीय वर्ष) तृतीय रहीं। व्यंजन प्रतियोगिता में पारंपरिक स्वाद और नवीन प्रयोगों का सुंदर संगम देखने को मिला। मीठा वर्ग में राधिका सोलंकी प्रथम, शीतल डावर द्वितीय एवं उमा ब्राह्मणे तृतीय रहीं। नमकीन वर्ग में आंचल सोलंकी एवं रानी प्रजापत संयुक्त प्रथम, दिव्यानी शिंदे द्वितीय तथा खुशबू बावने तृतीय रहीं।
केश सज्जा प्रतियोगिता में साजिया खान प्रथम, राधिका बडोले द्वितीय और उमा राठौड़ तृतीय रहीं। फेस आर्ट प्रतियोगिता में शीतल डावर ने प्रथम, उमा ब्राह्मणे ने द्वितीय एवं नम्रता गोस्वामी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं, जो उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। इस अवसर पर भूतपूर्व प्राचार्य डॉ. आर.एस. देवड़ा, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








