दरभंगा में काव्य पाठ की गूंज
दरभंगा के हराही पोखर के किनारे स्थित बहुद्देशीय भवन में आज ‘अष्टदल’ महोत्सव के तीसरे दिन काव्य पाठ का आयोजन हुआ। आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात कवि अमिताभ बच्चन एवं आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिशाषी श्री विनीत ठाकुर थे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर एवं गुंजन श्री भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन एवं अतिथि सम्मान के साथ हुआ। तत्पश्चात काव्य पाठ आरंभ हुआ।

शशांक, शिवानी, उत्कर्ष, ऋषि, भास्कर, सुप्रिया, श्रुति, सौरभ एवं आस्था ने मनमोहक काव्य पाठ कर महफिल जमा दी। इस दौरान कवियों की शानदार प्रस्तुति से उपस्थित लोग झूम उठे। कार्यक्रम के संयोजक और दि स्पॉटलाईट थिएटर के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक आठ दिनों के इस महोत्सव का आज तीसरा दिन था। सोमवार को अपराह्न 06:00 बजे से चित्रपट का आयोजन तय है, जिसमें थपकी, माछ, ड्रीम्स अंडर सेज, अपन मिथिला एवं इकिगाई का प्रदर्शन किया जायेगा। सागर सिंह ने बताया कि इस पूरे आयोजन में देशभर के ख्यातिप्राप्त एवं प्रतिष्ठित विभिन्न विधा के कलाकार दरभंगा की धरती पर आयेंगे। महोत्सव के संचालन में अमन सिंह, शिवम् शांडिल्य, सत्यम् शब्दवर्धन, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार , आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या, नीलेश इत्यादि की भूमिका अहम रही। कार्यक्रम के दौरान शहर के गणमान्य, मीडियाकर्मी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




