
सुरेन्द्र दुबे; डिस्टिक हेड 94251795277 धार, 27 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि जिले में इस वर्ष नवीन रूप से चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट्स का तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा भौतिक निरीक्षण कर अविलंब आवश्यक सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएँ। साथ ही जिले में संचालित जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय के साथ ठोस कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर द्वारा जिले से गुजरने वाले फोरलेन मार्गों पर अवैध मीडियन कट को बंद करने के लिए सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा संचालित पीएम राहत (कैशलेस) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परिवहन एवं पुलिस विभाग को संपूर्ण जिले में प्रवर्तन से संबंधित विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा जिले में विगत माह घटित हिट एंड रन प्रकरणों की समीक्षा के साथ-साथ राहवीर योजना के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई तथा शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, कार्यपालन यंत्री (लोक निर्माण विभाग), मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), यातायात प्रभारी सहित सड़क निर्माण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित
रहे।