
प्राधिकरण सचिव भाटी ने किया सखी वन स्टॉप सेन्टर का निरीक्षण’

पाली, 23 अप्रैल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार गुरूवार को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश), विक्रम सिंह भाटी, द्वारा राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, पाली में संचालित सखी वन स्टॉप सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौराण सचिव भाटी द्वारा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा रिकार्ड का अवलोकन किया। केंद्र में उपस्थित कार्मिकों से वार्ता कर महिला हिंसा से प्रभावित पीड़िताओं को प्रदान की जा रही चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श (काउन्सलिंग) एवं अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पीड़िता को त्वरित एवं संवेदनशील सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए। काउंसलिंग के लिए पीड़ित महिला को हर संभव सहायता प्रदान करने एवं विधिक सहायता अपेक्षित होने पर निःशुल्क विधिक सहायता के लिए प्राधिकरण को आवेदन पत्र प्रेषित किये जाने के संबंध में सचिव भाटी द्वारा निर्देश दिये गये।
वन स्टॉप सेन्टर के विभिन्न रजिस्टरों एवं पत्रावलियों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए एवं विगत माह के आंकडे एकत्रित किए। दौराने निरीक्षण प्रबन्धक देवी बामणिया आदि उपस्थित रहे।





