
*धनबाद :*’गोविंदपुर (एरिया-03) स्थित आम बागान बस्ती के समीप जंगलों में खुले एक अवैध मुहाने को शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम द्वारा भर दिया गया। यह कार्रवाई दोपहर लगभग 12:10 बजे से 1:00 बजे के बीच की गई।
सूत्रों के अनुसार, अवैध मुहाने की जानकारी पहले ही आसूचना बल सदस्य को प्राप्त हो गई थी, जिसे 23 अप्रैल को कंपनी कमांडर और बीसीसीएल के पीओ शशि रंजन को मौखिक रूप से अवगत कराया गया था। इसके बाद कंपनी कमांडर ने मामले को सक्षम अधिकारी के संज्ञान में लाया।
सक्षम अधिकारी के निर्देश पर बीसीसीएल प्रबंधन से आवश्यक लॉजिस्टिक सहयोग मिलने के बाद धर्माबांध स्थानीय पुलिस, क्यूआरटी टीम और पोस्ट कमांडर ने मौके पर पहुंचकर मुहाने की भराई सुनिश्चित की। इस दौरान बीसीसीएल के कर्मचारी, स्थानीय पुलिस बल, पोस्ट कमांडर और क्यूआरटी-1 के सदस्य मौजूद रहे।
कार्रवाई पूरी होने के बाद कंपनी कमांडर ने इसकी सूचना सक्षम अधिकारी को दे दी। उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर सीआईएसएफ की कोई तैनाती नहीं है, जबकि नजदीकी ड्यूटी पोस्ट जीआरएस लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए घुमावदार रास्ता है।
यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









