

*सूरजपुर/ भैयाथान / केवरा* के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा में बुधवार को एक झकझोंर देने वाला हादसा सामने आया है। 2 बाईकों की जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर गिरी महिला को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर कुचल दिया जिससे महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई
घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, वहीं पुलिस की कथित संवेदनहीनता को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार, भैयाथान क्षेत्र के केवरा मार्ग पर दो बाइक सवारों के बीच संतुलन बिगड़ने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठी महिला उछलकर सीधे मुख्य मार्ग के बीचों-बीच जा गिरी।
इससे पहले कि वह संभल पाती, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
*पुलिस की कार्यप्रणाली पर भड़का जन आक्रोश ग्रामीणों ने जाम किया मुख्य मार्ग*
घटना की सूचना मिलते ही झिलमिली पुलिस मौके पर पहुंची आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी संवेदनशीलता के शव को तत्काल उठाकर थाने ले जाने की कोशिश की, जिससे स्थानीय ग्रामीण भड़क उठे।
ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई और साक्ष्य जुटाने के बजाय मामले को रफा-दफा करने की जल्दबाजी में है।:–
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि हमे जल्दबाजी नहीं, न्याय चाहिए। फरार ट्रेलर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले।
*सड़क पर चक्काजाम, घंटों थमी रही रफ्तार*
पुलिसिया रवैये से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए सड़क पर ही धरना दे दिया।चक्काजाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और सख्त वैधानिक कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर झिलमिली थाना परिसर में खड़ा करवा लिया है। आरोपी चालक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं, पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है|




