उत्तर प्रदेशसोनभद्र

सात फेरों की खुशियां मातम में बदलीं, शादी के महज आठ दिन बाद नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत

हाथों की मेंहदी भी नहीं उतरी थी, उससे पहले उजड़ गया सुहाग — दुकान से सामान लेकर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला

महुली/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव में सोमवार की रात एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी के महज आठ दिन बाद ही एक नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घर में जहां कुछ दिन पहले तक शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। नवविवाहिता पत्नी के हाथों की मेंहदी का रंग भी अभी फीका नहीं पड़ा था कि उससे पहले ही उसका सुहाग उजड़ गया।IMG 20260519 WA0009
प्राप्त जानकारी के अनुसार विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव निवासी 23 वर्षीय चंद्रमणि यादव उर्फ पारस पुत्र खुशिहाल यादव सोमवार की रात करीब नौ बजे घर से कुछ दूरी पर घरेलू सामान खरीदने दुकान गया था। बताया जा रहा है कि वह दुकान से सामान लेकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी दुद्धी-विंढमगंज रीवा-रांची मुख्य मार्ग पर जेपी इंटर कॉलेज के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।IMG 20260519 074023
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान विमल यादव ने तत्काल विंढमगंज पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
इधर युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रीवा-रांची मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। बाद में ग्राम प्रधान एवं गांव के संभ्रांत लोगों के समझाने-बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।
सूचना पर पहुंचे विंढमगंज थाने के उप निरीक्षक नंदकिशोर यादव ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।IMG 20260519 073810
बताया जाता है कि मृतक चंद्रमणि यादव अपने पिता का बड़ा पुत्र था। उसकी शादी अभी 12 मई को झारखंड राज्य के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा गांव में बड़े धूमधाम और खुशी के माहौल में हुई थी। परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था। घर में नई बहू के स्वागत की रौनक अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया।
नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बार-बार बेसुध हो जा रही है। वहीं मां की चीख-पुकार सुन गांव के लोगों की आंखें भी नम हो उठीं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!