A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

आंखों देखी : धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएनएमएमसीएच की हालत पस्त, आईसीयू तक में नहीं चल रहे एसी और पंखे, हाथ पंखे के सहारे समय काट रहे मरीज

*धनबाद:* SNMMCH धनबाद के आईसीयू तक में नहीं चल रहे एसी और पंखा, हाथ पंखे के सहारे रह रहे मरीज
धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएनएमएमसीएच की हालत से लोग परेशान हैं. आईसीयू तक में एसी नहीं है.
धनबाद: कोयलांचल में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तापमान लगातार 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. तेज धूप और उमस से आम जनजीवन प्रभावित है, लेकिन सबसे चिंताजनक हालात धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) के सर्जिकल ICU में देखने को मिल रहा है. यहां मरीज बीमारी से ज्यादा गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं.
इमरजेंसी वार्ड में दो सर्जिकल आईसीयू है. सर्जिकल ICU का एयर कंडीशनर पिछले कई दिनों से खराब पड़ा हुआ है. ऐसे में गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ICU में भर्ती मरीज पसीने से तरबतर हैं, जबकि उनके परिजन हाथ पंखा झलकर राहत देने की कोशिश कर रहे हैं. कुछ लोग अपने घरों से स्टैंड फैन लाकर किसी तरह मरीजों को गर्मी से बचाने में जुटे हैं.
ICU में भर्ती मरीज एमडी अख्तर हुसैन की पत्नी रेशमा खातून ने बताया कि उनके पति का हर्निया का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद संक्रमण होने पर दोबारा सर्जरी करनी पड़ी. पिछले आठ दिनों से वे सर्जिकल ICU में भर्ती हैं, लेकिन वहां ना एसी चल रहा है और ना ही पंखा. उन्होंने कहा कि मरीज इस गर्मी में ICU में रहना नहीं चाह रहे हैं. हाथ पंखे से किसी तरह राहत देने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ICU में ही एसी की सुविधा नहीं होगी तो गंभीर मरीजों का इलाज कैसे होगा.
अन्य मरीजों के परिजनों ने भी अस्पताल व्यवस्था पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पिछले सात दिनों से मरीज ICU में भर्ती हैं, लेकिन गर्मी से राहत की कोई व्यवस्था नहीं है. अस्पताल कर्मियों से शिकायत करने पर केवल यह कह दिया जाता है कि एसी खराब है. परिजनों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल की बुनियादी सुविधाएं तक दुरुस्त नहीं हैं.
सर्जिकल ICU के दूसरे वार्ड की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है. वहां भी लोग घर से स्टैंड फैन लाकर मरीजों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. गर्मी और उमस के कारण ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों को संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
इधर, SNMMCH के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. सुमन कुमार ने बताया कि सर्जिकल ICU का एसी खराब हो गया है, जिसे दुरुस्त कराने का काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि विकल्प के तौर पर ICU में स्टैंड फैन लगाने की व्यवस्था की जा रही है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है.
भीषण गर्मी के बीच ICU जैसी संवेदनशील इकाई में एसी बंद रहने से अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान अतिरिक्त परेशानियों का सामना न करना पड़े.

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!