
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सारंगढ़ पुलिस द्वारा किरायेदारों एवं बाहर से आए व्यक्तियों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अति पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सघन जांच की गई।
अभियान के तहत कमलानगर, पठारपारा, चौहानपारा, फुलझरियापारा, बस स्टैंड एवं प्रतापगंज क्षेत्र में पुलिस की चार टीमों ने घर-घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान 100 से अधिक घरों की जांच की गई तथा मकान मालिकों को किरायेदारों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने संबंधी निर्देशों से अवगत कराया गया।
पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उनके मूल निवास क्षेत्र के संबंधित थानों से आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी मंगाई जा रही है। सत्यापन अभियान के दौरान मकान स्वामियों को समाधान ऐप की जानकारी देकर किरायेदारों का ऑनलाइन सत्यापन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
अति पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय ने कहा कि शहर में किरायेदार सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।






