A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

झालावाड़ में ‘ऐसा बागबान’ साझा संकलन पर चर्चा एवं भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन।

IMG 20260628 WA0011झालावाड़, 28 जून। रविवार को “माँ शारदा रुद्रश्री काल प्रोत्साहन मंच, झालावाड़ (राजस्थान)” के तत्वावधान में पंचमुखी बालाजी के सामने स्थित झालावाड़ की एकमात्र ऑनलाइन शिक्षण संस्था इंस्पायर कोचिंग इंस्टिट्यूट में आगामी साझा गद्य संकलन ‘ऐसा बागबान’ पर सार्थक साहित्यिक चर्चा के साथ भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात रानी रावल ‘रुद्रश्री’ ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय एवं साहित्यिक गरिमा से ओत-प्रोत कर दिया।

गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय राकेश नैयर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में रामगोपाल राजा साहब (रामगंजमंडी) एवं सुरेश निगम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अंजनी कुमार शर्मा, कैलाशचंद्र राव, परमानंद भारती, चैतन्य शर्मा, कृष्णसिंह हाड़ा, आशुतोष शर्मा, मोहनलाल वर्मा, राजाराम हिंदू, तुलसीराम तुलसी, जगदीश नारायण सोनी, अशोक रेडिवाल, नरेंद्र कुमार राजा, अशोक सोनी, हेमंत चौरसिया, सौरभ सोनी, प्रीतिमा ‘पुलक’, रेखा सक्सेना, प्रीति गौतम, महेश शर्मा, राकेश वर्मा, सोदान नागर, मिमिक्री कलाकार हरीश कुमार शर्मा, बाल कलाकार सुरभि सोनी, रोहित, महेंद्र कुमार, प्रवीण, चंद्रप्रकाश, सोनू कुमार, नरेंद्र, खुशी रावल एवं चंचल रावल सहित अनेक साहित्यप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

काव्य गोष्ठी में कवियों एवं साहित्यकारों ने श्रृंगार, वीर, करुण, हास्य, भक्ति, शांति और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया। विविध रसों से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस अवसर पर मंच द्वारा सभी आमंत्रित साहित्यकारों एवं अतिथियों का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया तथा उन्हें स्मृति स्वरूप ‘रुद्रश्री काव्य संग्रह’ की पुस्तक भेंट की गई।

कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सहज संचालन आदरणीय अंजनी कुमार शर्मा ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ साहित्यकारों के मार्गदर्शन एवं सभी की सक्रिय सहभागिता से यह काव्य गोष्ठी अत्यंत सफल एवं यादगार रही।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!