
अजीत मिश्रा (खोजी)
बहराइच: गोदाम में छिपाकर रखी गई 8140 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद, भारी मात्रा में जखीरा जब्त
बहराइच। जिले के दरगाह थाना क्षेत्र में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्टोर की गई प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की भारी खेप पकड़ी है। छापेमारी के दौरान एक मेडिकल एजेंसी के गोदाम से 67 पेटियों में भरी 8140 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद हुई है। मामले में दवा व्यवसायी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर देर रात हुई कार्रवाई
औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण को गुप्त सूचना मिली थी कि दरगाह थाना क्षेत्र स्थित ‘शिवांश मेडिकल एजेंसी’ के गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप का स्टॉक छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए औषधि निरीक्षक ने बुधवार देर रात करीब 10 बजे थाना दरगाह और रूपईडीहा पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। यह छापामारी की कार्रवाई देर रात करीब एक बजे तक चली।
8140 बोतलें जब्त, आरोपी पर मुकदमा
जांच-पड़ताल के दौरान गोदाम से कोडीन कफ सिरप की 67 पेटियां बरामद की गईं। औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने बताया कि बरामद सिरप की कुल संख्या 8140 बोतल है। इन प्रतिबंधित दवाओं को तत्काल जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी दवा व्यवसायी के खिलाफ स्थानीय थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में हड़कंप, सीमावर्ती इलाकों पर नजर
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से दवा व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया है। इससे महज दो दिन पूर्व ही भारत-नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा इलाके में भी भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप बरामद की गई थी। लगातार हो रही इन बरामदगी से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि सीमावर्ती क्षेत्रों का उपयोग नशीली दवाओं की तस्करी के लिए एक बड़े कॉरिडोर के रूप में किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप की सप्लाई कहाँ से हो रही थी और इसका वितरण कहाँ किया जाना था।






















