
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस द्वारा राज्य स्तरीय “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत दिवस-12 पर ग्राम स्तर पर विशेष जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कर ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं वार्ड पंचों के सहयोग से घर-घर पहुंचकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। नागरिक किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंक पासवर्ड, आधार नंबर अथवा बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा न करें। जनजागरूकता के दौरान यह भी समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस, बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर, बिजली विभाग, लोन कंपनी अथवा किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर फोन पर पैसे मांगता है, डराता-धमकाता है या किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है, तो उस पर विश्वास न करें। मोबाइल पर प्राप्त होने वाले लॉटरी, इनाम, नौकरी, लोन, KYC अपडेट, बिजली बिल, पार्सल अथवा अन्य किसी संदिग्ध लिंक एवं APK ऐप पर क्लिक करने से बचें। ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीमों ने प्रत्येक परिवार को “साइबर सुरक्षा के पाँच महत्वपूर्ण सूत्र” बताए,1. OTP, PIN एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। 2. अनजान लिंक, APK ऐप, लोन ऐप या इनाम संबंधी संदेशों से सावधान रहें।
3. “डिजिटल अरेस्ट”, पुलिस, CBI या बैंक अधिकारी बनकर पैसे मांगना साइबर ठगी का तरीका है। 4. WhatsApp एवं Telegram पर निवेश, नौकरी, लॉटरी या KYC अपडेट के नाम पर धनराशि न भेजें। 5. किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा निकटतम पुलिस थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। अभियान के दौरान नागरिकों को National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी प्रदान की गई तथा महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं दुकानदारों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।











