उत्तर प्रदेशसोनभद्र

सोनभद्र में अवैध विद्यालयों पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

शिक्षक एवं प्रबंधक महासभा का शक्ति प्रदर्शन, एडीएम व डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन; विशेष जांच अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई का मिला भरोसा

सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनपद में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ अब निर्णायक कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। शनिवार को माध्यमिक शिक्षक महासभा एवं प्रबंधक महासभा के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी रमेश चंद एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में संचालित सभी अवैध एवं गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों की तत्काल जांच कर उन्हें बंद कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।IMG 20260718 WA0054
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सोनभद्र के लगभग सभी विकास खंडों में सैकड़ों विद्यालय बिना वैध मान्यता के खुलेआम संचालित हो रहे हैं। शिक्षा विभाग द्वारा पूर्व में नोटिस जारी करने और कुछ विद्यालयों को सील किए जाने के बावजूद कई संचालक नियमों की अनदेखी कर पुनः विद्यालयों का संचालन कर रहे हैं। इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का आर्थिक एवं शैक्षिक शोषण भी हो रहा है।IMG 20260718 WA00551
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अनेक विद्यालय केवल प्राथमिक अथवा जूनियर स्तर की मान्यता लेकर अवैध रूप से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट तक की कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। विद्यार्थियों से मनमानी फीस वसूली जा रही है तथा स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), अंकपत्र और अन्य आवश्यक शैक्षणिक अभिलेख देने में भी अनावश्यक परेशान किया जाता है। ऐसी स्थिति में हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है।
महासभा ने यह भी कहा कि प्रत्येक नए शिक्षा सत्र में गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर राजकीय, सहायता प्राप्त एवं विधिवत मान्यता प्राप्त विद्यालयों की छात्र संख्या पर पड़ रहा है। संगठन के अनुसार जनपद में लगभग 300 से अधिक विद्यालय बिना वैध मान्यता के संचालित होने की आशंका है, जिनकी निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अपर जिलाधिकारी रमेश चंद एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही विशेष जांच टीम गठित कर जनपद के सभी संदिग्ध विद्यालयों का सत्यापन कराया जाएगा। जांच में जो भी विद्यालय बिना मान्यता संचालित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवैध संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।IMG 20260718 WA0052
इस अवसर पर प्रबंधक महासभा के जिलाध्यक्ष सुशील चौबे, प्रधानाचार्य सतीश पाण्डेय, देव कुमार शर्मा, विद्याशंकर तिवारी, नरेन्द्र देव पाण्डेय, संगीता श्रीवास्तव, उमाकांत मिश्रा, ऋषिकेश पाण्डेय, डॉ. अमर देव पाण्डेय, राम प्रकाश पाण्डेय, राजेश मिश्र, गिरिजेश चौबे, गणेश देव पाण्डेय, विनोद जायसवाल, सतीश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!