

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर
लखनऊ/गाजीपुर। अपनी जनता पार्टी ने शिक्षा, किसानों और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर 27 जुलाई 2026 को राजधानी लखनऊ स्थित दारुल सफा में आयोजित होने वाले जनआंदोलन में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि वर्तमान समय में शिक्षा व्यवस्था संकट के दौर से गुजर रही है, युवाओं का भविष्य अनिश्चित होता जा रहा है और किसान अपनी बुनियादी आवश्यकताओं के लिए परेशान हैं। ऐसे समय में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
अपनी जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी जितेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के भविष्य, शिक्षा, किसानों और सामाजिक न्याय का आंदोलन है। उन्होंने छात्रों, युवाओं, किसानों, बुद्धिजीवियों एवं संविधान में आस्था रखने वाले सभी नागरिकों से 27 जुलाई को प्रातः 10 बजे दारुल सफा, लखनऊ पहुँचकर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आंदोलन में प्रमुख रूप से “शिक्षा बचाओ – छात्रों का भविष्य बचाओ” अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने या कमजोर करने के बजाय शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने, शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा छात्रों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई जाएगी।
इसके साथ ही NEET अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा होगी। पार्टी ने “One Nation, One Education” नीति लागू करने, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई करने तथा दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि देश के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
आंदोलन में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। अपनी जनता पार्टी ने मांग की है कि किसानों को समय पर खाद, बीज और सिंचाई की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। अन्नदाता को लंबी कतारों में खड़ा होने के लिए मजबूर करने के बजाय सम्मानपूर्वक उसके अधिकार सुनिश्चित किए जाएँ, जिससे खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ ही सबसे बड़ी ताकत होती है। इसलिए सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से निर्णय लेने के लिए जवाबदेह बने।
अपनी जनता पार्टी ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, समर्थकों, छात्रों, युवाओं और किसान संगठनों से बड़ी संख्या में लखनऊ पहुँचकर इस जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह संघर्ष सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि शिक्षा, किसान, युवाओं और सामाजिक न्याय की रक्षा का संघर्ष है।
जय संविधान! जय भारत! जय सामाजिक न्याय!








