पुरानी रंजिश में मारपीट और गंभीर चोट का मामला, बृजमनगंज पुलिस ने दो वांछित अभियुक्त दबोचे गये
महराजगंज। पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में बृजमनगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर गंभीर मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्यवाई की गई।
मामला 6 जुलाई 2026 का है। पुरानी रंजिश को लेकर प्रतिवादी पक्ष पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। घटना में रमेश पुत्र पंचम और पंचम को गंभीर चोटें आई थीं और दोनों मौके पर बेहोश हो गए थे। मामले में चांदमती पत्नी पंचम, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना बृजमनगंज की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0सं0 171/2026 दर्ज किया था।
मुकदमे में शुरुआत में धारा 110, 191(2), 352, 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान मुकदमे में धाराओं में तरमीम की गई और धारा 110 को 109(1) बीएनएस तथा धारा 3(5) को 191(2) बीएनएस में परिवर्तित किया गया।
वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी बृजमनगंज पुलिस ने 28 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।