A2Z सभी खबर सभी जिले की

महराजगंज में SIM Box से चल रहा था अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का खेल, 151 सिम और 32 स्लॉट वाले बॉक्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

FB IMG 1785345349438

महराजगंज।

महराजगंज में SIM Box से चल रहा था अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का खेल, 151 सिम और 32 स्लॉट वाले बॉक्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर साइबर ठगी और फर्जी कॉल का नेटवर्क संचालित करने के आरोप में महराजगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 32 स्लॉट का SIM Box, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और नोडल अधिकारी साइबर क्राइम/अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड/हॉटस्पॉट अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी साइबर शशीमौली पाण्डेय और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मो. रशीद खान के नेतृत्व में गठित टीम ने 29 जुलाई 2026 को वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

अंतरराष्ट्रीय कॉल को बना देता था लोकल कॉल

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के नाम पर फर्जी अथवा दूसरे लोगों के दस्तावेजों से हासिल किए गए सक्रिय सिम कार्डों का इस्तेमाल कर SIM Box संचालित करता था।

SIM Box के जरिए इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को स्थानीय मोबाइल कॉल में परिवर्तित किया जाता था। इस प्रक्रिया में कॉल की वास्तविक अंतरराष्ट्रीय उत्पत्ति छिप जाती थी। पुलिस का दावा है कि इस तरीके से दूरसंचार कंपनियों को राजस्व का नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ साइबर ठगी, फर्जी कॉल और OTP फ्रॉड जैसे अपराधों के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. नबीश (28) पुत्र मो. शाबिर, निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जनपद मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की शैक्षिक योग्यता 12वीं है।

आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना महराजगंज में मु0अ0सं0 46/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 318(4), 319(2), 336(3), 338, 61(2), 3(5), भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 की धारा 42 तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D में मुकदमा दर्ज है।

इस कार्रवाई को उल्लेखनीय सफलता बताते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹25,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

कार्रवाई में साइबर थाना, एसओजी, स्वाट, साइबर कमांडो और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!