
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस कंट्रोल रूम, सागर में पुलिस विभाग की गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले छह पुलिस अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक सागर/सेनानी 10वी वाहिनी सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी उप सेनानी सूरजमल राजोरिया सहायक सेनानी श्रीमती अमृता दिवाकर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएँ दीं। समारोह में पुलिस कंट्रोल रूम, सागर से सेवानिवृत्त होने वाले उप निरीक्षक दामोदर साहू, उप निरीक्षक (एमटी) श्याम देव, उप निरीक्षक मोतीलाल पायरा एवं सहायक उप निरीक्षक जमुना प्रसाद रजक का सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही 10वीं वाहिनी मध्य प्रदेश सशस्त्र बल, सागर से सेवानिवृत्त होने वाले सहायक उप निरीक्षक मुनेन्द्र प्रताप एवं प्रधान आरक्षक पुन्नालाल को भी सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ कार्य करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव एवं कार्यशैली से नई पीढ़ी के पुलिसकर्मी सदैव प्रेरणा प्राप्त करते रहेंगे। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा विभाग में बिताए गए अविस्मरणीय पलों को याद करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण भावुक होने के साथ-साथ आत्मीयता और सम्मान से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन, इष्ट मित्र एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुरानी यादों को साझा करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सफल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक नीतेश वायकर, 10 वी वाहिनी से अधिकारी कर्मचारियों सहित सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ कार्य कर चुके अंतिम पदस्थापना स्थल के थाना प्रभारी, अधिकारी पुलिस कंट्रोल रूम एवं रक्षित केन्द्र का स्टाफ तथा जिले के अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।



