A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

भोपाल-बैरसिया मार्ग होगा फोरलेन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा

भोपाल-बैरसिया मार्ग होगा फोरलेन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा

संदीपनी ठाकुर लाल सिंह विद्यालय भवन का लोकार्पण, आधुनिक शिक्षा और बेहतर सड़क संपर्क का दिया तोहफा

बैरसिया : बैरसिया क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली एक बड़ी घोषणा रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। लंबे समय से लंबित भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने इसके निर्माण की घोषणा की। यह घोषणा उन्होंने बैरसिया विधायक विष्णु खत्री की मांग पर संदीपनी ठाकुर लाल सिंह विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। फोरलेन सड़क बनने से भोपाल और बैरसिया के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनिर्मित संदीपनी ठाकुर लाल सिंह विद्यालय भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब बच्चे फट्टी लेकर स्कूल जाया करते थे, लेकिन आज प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसा सक्षम नागरिक बनाना है जो डॉक्टर, वैज्ञानिक, किसान, शिक्षक, उद्योगपति या जनप्रतिनिधि बनकर समाज और देश की सेवा करें।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल सरकारी नौकरी की सोच तक सीमित रहने की आवश्यकता नहीं है। युवाओं को ऐसा कौशल और शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए जिससे वे स्वयं रोजगार सृजित करें और दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और सक्षम युवा ही विकसित मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ताकत होंगे।
नवनिर्मित संदीपनी विद्यालय भवन विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और आधुनिक शिक्षण आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भवन में विशाल एवं सुसज्जित कक्षाएं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बेहतर स्वच्छता सुविधाएं तथा खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बैरसिया नगर में भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर मंच बनाकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और जनता पर पुष्पवर्षा कर आत्मीयता का परिचय दिया। पूरे मार्ग पर उत्साह, जनसैलाब और स्वागत का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री की फोरलेन सड़क की घोषणा और आधुनिक विद्यालय भवन के लोकार्पण को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शिक्षा, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!