A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

अवैध ब्लड डोनेशन कैंप का खुलासा, लक्सर पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा।

27 यूनिट रक्त, ब्लड कलेक्शन उपकरण और दो वाहन बरामद; गांव-देहात में बिना अनुमति कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने का आरोप।

फुरकान अंसारी।

हरिद्वार/लक्सर, 17 अगस्त। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध रूप से रक्त एकत्र कर उसकी कथित बिक्री किए जाने के मामले का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह एवं जांच से संबंधित उपकरण, चार डोनर चेयर तथा दो वाहन बरामद किए गए हैं।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं। सूचना यह भी थी कि एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में कथित रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।

 

सूचना के आधार पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।

 

पुलिस के मुताबिक स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी से आइस बॉक्स में रखी 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके अलावा रक्त संग्रह, जांच और ब्लड यूनिट की माप से संबंधित उपकरण भी मिले।

 

वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 की तलाशी में चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।

 

प्रारंभिक जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया है कि आरोपी गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे और रक्त एकत्र करते थे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

 

इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 829/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं धारा 316(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह सामान हुआ बरामद

– 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग

– बीपी मशीन और एचबी मशीन

– ब्लड ग्रुप जांच संबंधी सामग्री

– डोनर फॉर्म बुक

– अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र

– स्लाइड का डिब्बा

– हाथ बांधने वाली चार बेल्ट

– वेट मशीन एवं ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन

– चार ब्लड डोनर चेयर

– स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257

– स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी, जगत सिंह, राजेन्द्र बिष्ट, अरविन्द चौहान, ध्वजवीर सिंह और दिगम्बर सिंह शामिल रहे।

 

एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!