एमपी की बेटी बिहार में बनीं एसडीएम, बढ़ाया पलेरा नगर का मान, प्रथम नगर आगमन पर जोरदार स्वागत…. हरितला मंदिर में छप्पन भोग एवं सुंदरकांड का आयोजन।
पलेरा। नगर की बेटी कुं.
आस्था दमेले ने बिहार में एसडीएम पद पर चयनित होकर पलेरा सहित पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एसडीएम बनने के बाद प्रथम बार नगर आगमन पर उनका जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
नगरवासियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर आस्था दमेले ने अपने परिवार के साथ श्री श्री 1008 श्री हरितला मंदिर में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया।
इसके उपरांत दमेले परिवार द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी शामिल हुए। कुं.
आस्था दमेले ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता राज दमेले एवं परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। नगर के वरिष्ठ नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वैश्य समाज के अध्यक्ष जगदीश ददरिया ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उनके परिजन गणेश प्रसाद दमेले एवं मीरा दमेले ने उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में नरेंद्र ददरिया, मनीष कंथारिया, दिनेश सेठ, रमाशंकर गुप्ता, गणेश गुप्ता, रामप्रकाश दीक्षित, अखिलेश सरावगी, रानू तिवारी, अनिल खरे, राजेश पिपरसानिया, कप्तान सिंह परिहार सहित नगर के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कुं.
आस्था दमेले को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




















