A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

निष्पक्ष व सटीक चुनाव करवाने में करें सहयोग : राणावत

निष्पक्ष व सटीक चुनाव करवाने में करें सहयोग : राणावत
नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित, मतदान केंद्रों का भी किया निरीक्षण
पाली, 20 अगस्त। नगर निगम चुनाव-2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर गुरुवार को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (नगर निगम) एवं उपखंड मजिस्ट्रेट विमलेन्द्र सिंह राणावत की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने में सहयोग का आह्वान किया गया।
ईआरओ विमलेन्द्र सिंह राणावत ने कहा कि नगर निगम चुनाव में प्रत्येक राजनीतिक दल एवं प्रत्याशी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों एवं आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न प्रकार की अनुमतियां लेने, निर्धारित नियमों की पालना करने तथा चुनावी गतिविधियों में नियमानुसार वाहनों की संख्या रखने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों एवं सुझावों पर भी चर्चा की।
बैठक में राम किशोर साबू, हकीम भाई, रफीक चौहान सहित विभिन्न प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मतदान केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर ईआरओ विमलेन्द्र सिंह राणावत ने गुरुवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय विधि महाविद्यालय, मंडिया, मंडली, जलदाय विभाग कार्यालय सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदाताओं की सुविधा तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार रात 12 बजे तक जुड़वा सकेंगे नाम
ईआरओ राणावत ने बताया कि नगर निगम चुनाव को लेकर आम मतदाता शुक्रवार रात 12 बजे तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे। इसके लिए सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर बैठकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने सहित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे। वहीं सुपरवाइजर भागवार बीएलओ की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करेंगे।
ईआरओ ने आम मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा में अपने नाम की मतदाता सूची में जांच कर लें तथा नाम नहीं होने की स्थिति में संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे।WhatsApp Image 2026 08 20 at 15.12.00

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!