
। 

। सागर। वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज संवाददाता सुशील द्विवेदी । शासन की योजनाओं का लाभ देने संपूर्णता अभियान प्रारम्भ करें, समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। उक्त निर्देश कलेक्टर संदीप जी. आर. ने रहली एवं केसली मे आयोजित अधिकारियों एवं फील्ड के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, जिला पंचायत मुख्य कार्यालय अधिकारी विवेक के व्ही, एसडीएम गोविंद दुबे, एसडीओपी प्रकाश मिश्रा सहित सभी अधिकारी एवं फील्ड के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर ने सागर जिले के रहली एवं केसली में सभी जिला अधिकारियों सहित फील्ड के अधिकारी कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की लोक हितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसकी जिम्मेदारी आप सभी की है। उन्होंने कहा कि इसको जन-जन तक पहुंचाने के लिए संपूर्ण अभियान चलाएं। जैसे अभियान के अंतर्गत शासन की सभी योजनाओं में शत प्रतिशत हितग्राहियों को उन योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य है। संपूर्णता अर्थात सैचुरेशन की स्थिति जहां एक भी हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। इस अभियान के माध्यम से सभी ग्रामों में आवश्यकताओं की पूर्ति कर गांव में ही हितग्राही शासन की संपूर्ण योजनाओं से लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी/कर्मचारी किसी के साथ भेदभाव न करें, समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूरी शिद्दत के साथ अपने कार्यों को संपन्न करें। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए हम सबको आगे बढ़कर कार्य करना होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य सहित शासन की अन्य सुविधाओं की जानकारी जन-जन तक को मिले इसके लिए ग्राम स्तर, वार्ड स्तर एवं टोला स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं जिसमें अधिकारी के साथ-साथ गांव के लोग भी शामिल रहें। इन ग्रुप के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ देने के लिए योजनाओं की जानकारी शेयर की जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर मुनगा के पौधे लगाएं एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वितरित होने वाले मध्याह्न भोजन में पोष्टिक भोजन वितरित हो इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जाएं। प्रतिदिन आता है रंगीन रोटी कैंपेन के माध्यम से रोटी में मुनगा के पत्ते ,पालक के पत्ते, चुकंदर आदि का उपयोग कर रोटी को और पौष्टिक बनाया जाए। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बिजली एवं नल कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सिभी अधिकारी अपनी टूर डायरी अवश्य बनाएं। टूर डायरी न बनाने वाले अधिकारियों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने कहा कि गुड टच, बेड टच के बारे में गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाएं और इसके बारे में महिलाओं, युवतियों, बच्चों को विस्तार से बताएं जिससे कि उन्हें गुड टच तथा बेड टच के संबंध में जानकारी मिल सके। वर्तमान में पुलिस विभाग द्वारा ’’मैं भी अभिमन्यु अभियान’’ जिले में चलाया जा रहा है जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के द्वारा स्कूलों में गुड टच, बेड टच एवं साइबर अपराधों के बारे में जानकारी विद्यार्थियों को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी जागरूकता अभियान प्रारंभ किए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर सिक्योरिटी, साइबर अपराध एवं साइबर कानूनों की भी जानकारी सभी को रहे इसके लिए जागरूकता अभियान प्रारंभ करें और गांव-गांव तक सभी को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के द्वारा ओटीपी, बैंक संबधी जानकारी या अन्य कोई निजी जानकारी मांगे जाने पर जानकारी साझा न करें जब तक कि आप संबंधित व्यक्ति की पहचान न कर लें।
पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा बैठक में शामिल अधिकारियों से कहा कि आप सभी ग्रामों में काम कर रहे हैं यदि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगड़ने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को दें।






